दो दिवसीय उत्तराखंडी सांस्कृतिक महोत्सव का समापन, उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने बिखेरी पहाड़ी लोक संस्कृति की छटा
ग्रेटर नोएडा : उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा ग्रेटर नोएडा के धर्म पब्लिक स्कूल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय भव्य उत्तराखंडी सांस्कृतिक महोत्सव का सफल समापन हो गया। सांस्कृतिक महोत्सव के दूसरे दिन देवभूमि उतराखंड से आये लोक कलाकारों ने ग्रेटर नोएडा शहर में पहाड़ी लोकसंस्कृति की खुबसूरत छटा बिखेरी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवत मनराल द्वारा निर्देशित खूबसूरत नृत्य नाटिका “हम उत्तराखंडी छां” रही। 
रविवार को दोपहर करीब 3 बजे से शुरू हुए रंगारंग कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उसके बाद रामगंगा सांस्कृतिक कला केंद्र दिल्ली के उत्तराखंडी लोक कलाकारों ने एक तरफ जहाँ अपने मधुर लोक गीत-संगीत से ग्रेटर नोएडा में उत्तराखण्ड की संस्कृति की खूबसूरत छटा बिखेरी, वहीँ अपने जबरदस्त गानों से उपस्थित दर्शकों को झूमने/नाचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान लोक गायक इंदर आर्या, दर्शन फर्स्वाण, गोपाल मठपाल, लोक गायिका हेमा नेगी करासी, ख़ुशी जोशी, लीला बिष्ट ने एक से बढ़कर एक खूबसुरत गीतों से समां बांध दिया। वहीँ उत्तराखंड के रॉकस्टार एवं मंच संचालक पन्नू गुसाईं ने अपनी बेहतरीन कॉमेडी से दर्शंकों को हंसा हंसा कर लोट पोट कर दिया।
कार्यक्रम के अंतिम एक घंटे में इंदर आर्या, हेमा नेगी करासी तथा हरफनमौला कलाकार पन्नू गुसाईं के एक से बढ़कर एक नॉन स्टॉप गानों पर दर्शकों ने जमकर डांस किया. कार्यक्रम में संगीत मोतीशाह का था, जबकि मंच संचालन उत्तराखंड के रॉकस्टार पन्नू गुसाईं द्वारा किया गया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड समिति ग्रेटर नोएडा के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्घोषक डीएस नेगी तथा त्रिलोक पंवार भी संयुक्त भूमिका में रहे।
इससे पहले कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार, वरिष्ठ पत्रकार धर्मेन्द्र चंदेल (अध्यक्ष प्रेस क्लब ग्रेटर नोएडा), पत्रकार रोहित उपाध्याय, रविन्द्र जयंत तथा उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत, जनेंद्र रावत (संपादक देवभूमि स्मारिका), महासचिव तारादत्त शर्मा, सलाहकार ललित पडलिया द्वारा समिति की वार्षिक स्मारिका “देवभूमि स्मारिका भाग-10” का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर संस्था द्वारा विभिन्न समाज सेवी व्यक्तियों तथा पत्रकारों को मंच पर सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने बताया कि इस बार संस्था के 15 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह वार्षिक महोत्सव दो दिन आयोजित किया गया। पहले दिन शनिवार को जहाँ समिति की महिलाओं एवं बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीँ उत्तराखंडी लोक कलाकारों द्वारा अभिनीत एक दिवसीय रामलीला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा इस वर्ष 10वीं एवं 12 बोर्ड परीक्षाओं में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मैडल एवं प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार के अलावा वरिष्ठ पत्रकार धर्मेन्द्र चंदेल (अध्यक्ष प्रेस क्लब ग्रेटर नोएडा), महाकौथिग नोएडा के अध्यक्ष आदित्य घिल्डियाल, संयोजिका श्रीमती इंदिरा चौधरी, उपाध्यक्ष हरीश असवाल, ज्योति सेमवाल, आलोक सिंह, उदय ममगाईं राठी, आशीष रावत, मीडिया जगत से पत्रकार रोहित प्रियदर्शन, रविन्द्र जयंत, गजेन्द्र माली, राजेश कुमार, मनीष तिवारी, रोहित कुमार, सौरभ, जितेंद्र सिंह, ज्योति कार्की के अलावा उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के समस्त पदाधिकारियों सहित सैकड़ों गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद उपस्थित थे।
ग्रेटर नोएडा में उत्तराखंडी सांस्कृतिक महोत्सव , पहले दिन रामलीला रही आकर्षण का केंद्र, परशुराम तथा रावण के पात्रों ने बांधा समां
ग्रेटर नोएडा: उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा संस्था के 15 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा के धर्म पब्लिक स्कूल प्रांगण में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के पहले दिन शनिवार को जहाँ समिति की महिलाओं एवं बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीँ उत्तराखंडी लोक कलाकारों द्वारा अभिनीत एक दिवसीय रामलीला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शनिवार को दोपहर दो बजे संस्था के अध्यक्ष जेपीएस रावत एवं कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति संस्था की सदस्या शुद्धिता उनियाल ने रोहित चौहान द्वारा स्वरबद्ध शिव स्तुति (शिवजी की जटा …) पर एक खूबसूरत नृत्य के साथ दी। उसके बाद दिनेश चंद्र चमियाल ने एक गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। उसके बाद सेक्टर 36 की महिला सदस्यों की टीम ने उत्तराखंडी लोकगीतों पर ग्रुप डांस की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं पैरामाउंट सोसायटी से इशिका विष्ट एवं एकता बिष्ट ने पहाड़ी लोकगीतों की प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा रिद्धि रावत, अंशिका रावत, नेहा रणाकोटी, अविका पंत, श्रुति सनवाल, सात्विक मुंडेपी, मयंक जोशी, मनीषा रणाकोटी, मेघा जोशी, सिंदुजा वेदवाल, कौस्तुभी वेदवाल, ललित कांडपाल आदि संस्था के बच्चों ने उत्तराखंडी लोकगीतों पर खूबसूरत लोक नृत्य पेश किये। इसके अलावा आयुष्मान वेदवाल ने एक खूबसूरत गीत सुनाया।
उसके बाद संस्था द्वारा इस वर्ष 10वीं एवं 12 बोर्ड परीक्षाओं में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मैडल एवं प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नोएडा के उपाध्यक्ष डीएस नेगी द्वारा किया गया।

शाम करीब 6 बजे से बदरपुर दिल्ली से आये उत्तराखंड भ्रात संघ (पंजी.) के कलाकारों द्वारा हरीश बिंजोला तथा सुनील मजेडा के निर्देशन में उत्तराखंड के मंझे हुए कलाकारों द्वारा एक दिवसीय उत्तराखंडी रामलीला (सीता स्वयंवर) का खूबसूरत मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
एक दिवसीय रामलीला के दौरान गुरु विश्वामित्र के आश्रम ने शिक्षा ग्रहण कर रहे अयोध्या के राजकुमार राम एवं लक्षण का सीता स्वयंवर के लिए जनकपुरी जाना, प्रभु श्रीराम द्वारा अहिल्या अवतारण, पुष्प बाटिका में सीता से राम और लक्षमण की भेंट, स्वयंवर में पधारे छविराजा समेत तमाम राजाओं का संवाद, रावण बाणासुर संवाद, राम जी द्वारा धनुष तोड़ना, परशुराम लक्षमण संवाद तथा राम सीता के विवाह का मंचन बेहद खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया।
जिसमे परशुराम-लक्ष्मण संवाद दर्शनीय रहा। गौरतलब है कि इस भूमिका को पिता पुत्र की जोड़ी निभा रही थी। परशुराम का रोल जहाँ हरीश बिंजोला ने निभाया वहीँ लक्ष्मण की भूमिका उनके सुपुत्र प्रतीक विंजोला ने निभाई। जबकि भगवान श्रीराम और माता सीता का रोल दो सगे भाईयों ने निभाया। बड़े भाई शुभम बडोला ने राम तथा छोटे भाई हर्षित बडोला ने सीता की भूमिका निभाई। इसके अलावा रावण की दमदार भूमिका संतोष नेगी ने निभाई। रामलीला के दौरान सभी पात्रों नें शानदार अभिनय का परिचय दिया। परन्तु परशुराम तथा रावण का अभिनय बेहद उच्चकोटि का था। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने वहां लगे स्टालों पर उत्तराखंडी उत्पादों की जमकर खरीददारी की।
7 मार्च 2023: उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित होली मिलन एवं होलिका दहन कार्यक्रम में महिला मंडलियों ने जमाया रंग
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा-1 स्थित गौरी शंकर मंदिर में होली मिलन एवं होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरतलब है कि विगत दो-तीन वर्षों से कोरोना महामारी के कारण उपजे हालातों के चलते होली मिलन कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित नहीं हो पाया था। परन्तु इस बार बेहतर हालात होने के बाद समिति द्वारा मंगलवार को गौरी शंकर मंदिर में होली मिलन एवं होलिका दहन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस बार समिति के सदस्यों की मांग पर होली मिलन कार्यक्रम में विभिन्न सेक्टरों की महिला मण्डलियों द्वारा होली पर आधारित गीतों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता रखी गयी थी। जिनमे सेक्टर अल्फा-2 की महिला मण्डली विजेता बनी जबकि सेक्टर 36 की महिला मण्डली उप विजेता रही। इसके साथ ही बच्चों का डांस कम्पटीशन भी रखा गया था।
मंगलवार को करीब 4 बजे शुरू हुए होली मिलन समारोह में सबसे पहले समिति के सदस्यों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। उसके बाद सेक्टर अल्फा 2 और सेक्टर 36 की महिला मण्डली द्वारा होली के गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियां पेश की गयी। जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनन्द लिया। अंत में समिति द्वारा तय किये गए निर्णायक मंडल द्वारा सेक्टर अल्फा-2 की महिला मण्डली को विजेता घोषित किया गया। जबकि सेक्टर 36 की महिला मण्डली उपविजेता रही। विजेता तथा उप विजेता टीमों को समिति द्वारा मेडल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
उसके बाद देर शाम को सभी लोग सपरिवार होलिका दहन के लिए गौरी शंकर मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुए। जहाँ पंडित भैरव दत्त मुंडेपी ने होलिका व नरसिंह भगवान् की पूजा कर होलिका दहन प्रक्रिया की शुरुआत की। इसके बाद मंत्रोच्चारण के साथ होलिका दहन हुआ।
होलिका दहन के साथ साथ उत्तराखंड के पारंपरिक बाध्य यंत्रों में होली गीतों पर महिलाओ व पुरुषों ने सामूहिक लोक नृत्य किया और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाये दी व मिष्ठान वितरण किया।
इस मौके पर समिति के पदाधिकारियों सहित 500 से ज्यादा सदस्य मौजूद थे। समित द्वारा सभी के लिए निशुल्क रात्रि भोज की व्यवस्था की गई थी। समिति के अध्यक्ष जीपीएस रावत ने बताया कि इस साल पहली बार होली मिलन समारोह में महिला मंडलियों का कार्यक्रम शामिल किया गया, जिसमे 2 सेक्टरों की टीमों ने प्रतिभाग किया, अगली बार होली मिलन पर अन्य सेक्टरों एवं सोसाइटियों की महिला मण्डली भी भाग लेंगी जिससे कि यह प्रतियोगिता और भी रोचक होगी।
8 जनवरी 2023: ग्रेटर नोएडा में उत्तराखंडियों का महासम्मेलन, उत्तराखंड समाज को एकजुट एकमुठ करने का एक प्रयास
प्रवासी उत्तराखंडियों की सामाजिक संस्था “उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति” द्वारा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रह रहे उत्तराखंड समाज को एकजुट एकमुठ करने के लिए एक अच्छी पहल की जा रही है। उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा आगामी 8 जनवरी 2023 (रविवार) को उत्तराखंडियों का महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। महासम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए संस्था द्वारा ग्रेटर नोएडा में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडियों का आह्वान किया है।
इस महासम्मेलन के आयोजन के उद्देश्य के बारे समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने देवभूमि संवाद से बात करते हुए विस्तार पूर्वक बताया कि प्रवासी उत्तराखंड समाज की संस्था “उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति” का गठन वर्ष 2008 में कुछ जागरूक व्यक्तियों द्वारा किया गया था। धीरे-धीरे हमारे समाज के लोग संस्था से जुड़ने लगे और अब तक करीब एक हजार से ज्यादा परिवार इस संस्था से जुड़ चुके हैं। परन्तु अभी भी यह संख्या यहाँ रह रहे उत्तराखंडियों की तुलना में बहुत कम है।
उन्होंने बताया कि अभी तक संस्था से जुड़े ज्यादातर लोग अल्फ़ा, बीटा, गामा, डेल्टा, सेक्टर 36 तथा ओमिक्रोन आदि सेक्टरों में रहने वाले प्रवासी हैं। जबकि ग्रेटर नोएडा में सेक्टरों के मुकाबले उत्तराखंड समाज के लोग सोसाइटियों में ज्यादा रहते हैं। जो अब तक हमारी इस संस्था और संस्था द्वारा किये जा रहे कार्यों से अनभिज्ञ हैं। हमारा उद्देश्य है कि अपने समाज के उन लोगों को भी एकजुट एकमुठ कर एक प्लेटफार्म पर लाया जाये। जिससे कि पूरे समाज के लोग सामूहिक रूप से अपनी तीज त्योहारों को मना सके तथा सुख दुख में एक दूसरे के भागीदार बन सके।
इसी उद्देश्य से उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ने आगामी 8 जनवरी (रविवार) को आशीर्वाद पैलेस, नियर ग्रैंड अम्रपाली सोसायटी, सैक्टर Zeta -1, ग्रेटर नौएडा में एक भव्य उत्तराखंडी महासम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह महासम्मेलन दोपहर 1:00 से शाम 5:00 तक चलेगा।
उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के महासचिव तारा दत्त शर्मा ने बताया कि संस्था सामाजिक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक कार्यों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेती है। इसीक्रम में समित के प्रयास से आगामी 17 जनवरी को देवभूमि उत्तराखंड की माँ धारी देवी तथा भगवान नागराजा की पवित्र देव डोली यात्रा का आपके शहर में आगमन है। जिसमे उत्तराखंड समाज ही नहीं अपितु समस्त ग्रेटर नोएडा वासी प्रातः 10:00 से शाम 4:00 बजे तक गौरी शंकर मंदिर गामा -1 में अपनी मनोकामना लेकर माता के दर्शनों तथा आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आ अकते हैं। इस दौरान पसाद वितरण की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी।